कॉल सेन्टर की लगातार मिल रही शिकायत पर औचक निरीक्षण करने पहुंचे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा

खुद शिकायतकर्ताओं से की बात, फुटेज और डेटा की जांच के निर्देश, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तय

पटना : राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के कॉल सेन्टर की कार्यप्रणाली को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपमुख्यमंत्री सह मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग श्री विजय कुमार सिन्हा ने

गुरुवार दोपहर विभागीय कॉल सेन्टर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने स्वयं कई शिकायतकर्ताओं से फोन पर बात कर उनकी समस्याएं सुनीं और कॉल सेन्टर की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।


उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने कड़े शब्दों में कहा कि कॉल सेन्टर को लेकर लगातार शिकायतें मिल रहीं थीं। उन्होंने स्वयं भी कई बार कॉल कर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद कॉल सेन्टर की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कॉल सेन्टर आम जनता की सुविधा और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए स्थापित किया गया है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के क्रम में कॉल सेन्टर के सीसीटीवी फुटेज और कॉल से संबंधित डेटा की मांग की गई है, जिसकी गहन जांच कराई जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाई गई, तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़ी सेवाओं में जवाबदेही और संवेदनशीलता सर्वोपरि है, और इसमें किसी तरह की ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति कार्यदिवस में सुबह 9.30 बजे से शाम छह बजे तक विभाग से संबंधित सेवा ले सकता है। यहां शिकायत भी दर्ज कराई जा सकती है। यह व्यवस्था जन शिकायत पोर्टल से जुड़ा हुआ है। यहां की शिकायत जन शिकायत पोर्टल पर स्वतः चली जाती है। इसलिए यहीं शिकायत दर्ज कराने की जरूरत है।
इस मौके पर चकबंदी निदेशालय के निदेशक श्री राकेश कुमार एवं विशेष कार्य पदाधिकारी श्री अनुपम प्रकाश भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *