
दानापुर। सोमवार को दानापुर विधानसभा क्षेत्र के मावरिक रिसोर्ट में जन सुराज पार्टी द्वारा प्राथमिक एवं संस्थापक सदस्यों तथा कार्यकर्ताओं का एक महत्वपूर्ण सम्मेलन आयोजित किया गया। यह बैठक दानापुर विधानसभा सीट हेतु प्रत्याशी चयन और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर आयोजित की गई थी।
इस सम्मेलन में प्रदेश स्तर से श्री किशोर कुमार ‘मुन्ना’ उपस्थित रहे। साथ ही जिला अध्यक्ष श्री संजय यादव, जिला संगठन महामंत्री श्री अशोक कुमार, दानापुर विधानसभा प्रभारी डॉ. चितेश्वर कुमार, एवं दानापुर के संगठन महामंत्री श्री प्रभात कुमार सहित कई प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं जैसे- पलायन, जलजमाव, और मल निकासी की समस्याओं पर गहन चर्चा की गई। इन मुद्दों को जन सुराज पार्टी की प्राथमिकता में रखते हुए, आगामी सरकार में इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए दानापुर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी कश्यप संजीव श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि हर घर तक जन सुराज की नीति और सोच को पहुँचाया जाए। सभी पंचायत कमेटियों एवं 419 बूथों की बूथ कमेटियों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में यह निर्णय लिया गया कि संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा, जिससे हर बूथ मजबूत हो और व्यापक जनसंपर्क स्थापित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया और सभी ने एकजुट होकर आगामी चुनाव में दानापुर विधानसभा सीट पर जीत सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया।
